बिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का दायरा गांवों तक बढ़ाने के लिए जीविका समूहों की दीदियों को अभियान से जोड़ा जाएगा. इसके तहत वे ग्रामीण परिवारों को रूफटॉप सोलर योजना की जानकारी देंगी और अधिक लोगों को इससे जोड़ने में मदद करेंगी.
योजना से जुड़ी पहल में जीविका दीदियों के आवासीय परिसरों में दो किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर भी चर्चा हुई है. इसके लिए जीविका, बिजली वितरण कंपनियों और सोलर एजेंसियों के बीच समन्वय किया जाएगा. क्लस्टर लेवल फेडरेशन को भी योजना के प्रचार-प्रसार और परिवारों की भागीदारी बढ़ाने में शामिल किया जाएगा.
बिहार सरकार की 2026 की अधिसूचना के अनुसार, कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए अगले तीन वर्षों में न्यूनतम 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट निशुल्क लगाने का निर्णय लिया गया है. पात्र गरीब परिवारों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है. हालांकि, जीविका दीदियों के लिए संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, लाभार्थियों की संख्या और समयसीमा की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
