बिहार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने वाले 25 हजार लाभार्थियों को 22 सितंबर 2026 को राज्य सरकार की ओर से वित्तीय सहायता दी जानी है. पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहायता राशि हस्तांतरित करेंगे.
कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना’ की शुरुआत और सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता के लिए नौ सोलर रथों को रवाना करने की भी योजना है. सहायता हस्तांतरण के बाद मुख्यमंत्री लाभार्थियों से संवाद करेंगे.
केंद्र और राज्य की संयुक्त सहायता
केंद्र सरकार की योजना के तहत एक किलोवाट के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी मिलती है.
इसके अलावा बिहार सरकार 1.1 किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये और तीन किलोवाट तक के सिस्टम पर अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दे रही है. इस तरह पात्र उपभोक्ताओं को तीन किलोवाट के सिस्टम पर दोनों स्तरों की सहायता मिलाकर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का लाभ मिल सकता है. योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली खर्च कम करना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है.
