बिहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए 22 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी रामजी) में शामिल करेगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में मिशन के क्रियान्वयन और गांवों के समग्र विकास को लेकर निर्देश दिए गए.

मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान है. केंद्र और राज्य सरकार के बीच योजनाओं के वित्तपोषण का अनुपात 60:40 रहेगा. बैठक में मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.

सरकार ने अब तक स्वीकृत करीब 1.5 लाख योजनाओं की संख्या बढ़ाकर तीन लाख करने का लक्ष्य रखा है. कार्यों को जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन और आपदा प्रबंधन की चार श्रेणियों में आगे बढ़ाया जाएगा.

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 12 लाख रुपये और साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री तथा फर्नीचर के लिए दो लाख रुपये तक खर्च करने की योजना है. अतिरिक्त कक्षाओं, ग्रामीण हाट, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, खेल मैदान, जल संरक्षण और वनीकरण से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी. योजना के क्रियान्वयन में तकनीक, सामाजिक अंकेक्षण और शिकायत निवारण व्यवस्था पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.