बिहार के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लाभुक आधारित योजनाओं की राशि अब उपस्थिति के आधार पर मिलेगी. शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार, 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक 75 प्रतिशत या उससे अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के नाम के सामने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ‘यस’ दर्ज किया जाएगा. 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के लिए ‘नो’ दर्ज होगा.

यह प्रक्रिया वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजने के लिए अपनाई जा रही है. विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अपने ई-शिक्षाकोष लॉगिन से विद्यार्थियों की उपस्थिति संबंधी जानकारी दर्ज करेंगे. विभाग ने यह प्रविष्टि 5 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने का निर्देश दिया था.

सत्यापन के बाद होगा अंतिम अनुमोदन

विद्यालय स्तर पर आंकड़े जमा होने के बाद संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उनका सत्यापन करेंगे. इसके बाद रिकॉर्ड जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के स्तर पर अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. अगर आंकड़ों में कोई त्रुटि मिलती है तो उन्हें सुधार के लिए प्रधानाध्यापक के लॉगिन पर वापस भेजा जा सकता है.

निर्देश में विद्यालयों को विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति दर्ज करने और सभी प्रविष्टियों की पुष्टि करने को कहा गया है.