बिहार के सरकारी और सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने को कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है. 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को योजनाओं की राशि से वंचित किया जा सकता है.

यह निर्देश प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को जारी किया गया है. इसके तहत विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा.

निर्देश के अनुसार, एक अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की उपस्थिति के आधार पर विद्यार्थियों की पात्रता दर्ज होगी. जिन छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत या उससे अधिक होगी, उनके रिकॉर्ड में ‘यस’ और इससे कम उपस्थिति वालों के सामने ‘नो’ दर्ज किया जाएगा.

उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, दर्ज किए गए आंकड़ों का सत्यापन भी किया जाएगा. स्कूलों और संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड में किसी त्रुटि की स्थिति में डेटा सुधारने का अवसर दिया जाएगा. योजनाओं की राशि जारी करने से पहले उपस्थिति संबंधी जानकारी को पात्रता के आधार के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा.