बिहार के सभी 38 जिलों में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण), यानी वीबी-जी रामजी योजना के तहत काम पर लगी रोक हटा दी गई है. राज्य सरकार का यह फैसला 22 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा.
कृषि-जलवायु क्षेत्रवार कैलेंडर के अनुसार 22 अक्टूबर से 10 दिसंबर तक खरीफ फसल की कटाई और रबी की बुआई का प्रमुख मौसम माना गया था. इस अवधि में सामान्य तौर पर योजना के तहत नए काम शुरू नहीं किए जाने थे, ताकि कृषि कार्यों के लिए श्रमिक उपलब्ध रहें.
हालांकि, बिहार के 22 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 16 जिलों में सुखाड़ की स्थिति बताई गई है. सरकार के अनुसार कई इलाकों में खरीफ फसल को व्यापक नुकसान हुआ है, जिससे कटाई के लिए श्रमिकों की मांग कम हो गई है. खेतों में जलजमाव के कारण रबी की बुआई भी देर से होने की संभावना है.
इसी स्थिति को देखते हुए ग्रामीण विकास विभाग ने अधिसूचना जारी कर योजना के तहत काम लेने की अनुमति दी है. यह फैसला राज्य अधिकारियों और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के बीच हुई चर्चा के बाद लिया गया.
