चरखी दादरी के बौंद कलां स्थित ग्राम सचिवालय में सेवा सेतु कैंप आयोजित किया गया. कैंप में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी. इस दौरान करीब 250 लाभार्थियों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया.

कैंप का आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया था. इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और आवेदन संबंधी सहायता उपलब्ध कराना रहा.

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्र दीप परमार ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया. जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कैंप के नोडल अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों से लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाले नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए.

बिजली विभाग के एसडीओ अनुराग ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी और रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित किया.