केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले रेलवे के करीब 11.40 लाख पात्र कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने की मंजूरी दी है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, इस फैसले पर लगभग ₹2,009 करोड़ खर्च होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल तीन फैसले लिए गए.

वैष्णव ने कहा कि रेलवे कर्मचारी त्योहारों के दौरान भी ट्रैक, इंजन और वर्कशॉप समेत अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी करते हैं. सरकार ने उनके काम को देखते हुए बोनस देने का निर्णय लिया है.

दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, दिव्यांग पेंशन पाने के लिए न्यूनतम दिव्यांगता की सीमा 80% से घटाकर 40% कर दी गई है. पेंशन की न्यूनतम उम्र की शर्त भी जन्म से लागू होगी. यानी पात्रता नियमों के तहत जन्म से दिव्यांग लाभार्थी योजना के दायरे में आ सकेंगे.

योजना में 0 से 79 वर्ष की उम्र के लाभार्थियों को ₹375 और 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र वालों को ₹625 की सहायता मिलेगी. नए नियमों, पात्रता और लाभार्थियों की संख्या से जुड़े दिशा-निर्देश तीन महीने के भीतर जारी किए जाएंगे.

सामाजिक सहायता कार्यक्रम पांच साल जारी रहेगा

राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है. इसके लिए ₹53,428 करोड़ का बजट तय किया गया है. सरकार के मुताबिक, 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3.20 करोड़ लाभार्थियों को इसका फायदा मिलेगा.

कार्यक्रम का नाम प्रधानमंत्री सामाजिक सहायता योजना किया जाएगा. इसके तहत वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांगजन और परिवार लाभ योजनाओं के नाम भी बदले जाएंगे. वृद्धों और विधवाओं की पेंशन तथा परिवार लाभ योजना पहले की तरह जारी रहेंगी.