चरखी दादरी जिले में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष शिविर लगाए जाएंगे.

उपायुक्त मनदीप कौर ने अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं. शिविरों में लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. पात्र लाभार्थियों को मौके पर आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु केंद्र स्थापित करने की योजना है. इन केंद्रों पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें.

अधिकारियों को विभागवार और खंडवार कार्ययोजना तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने तथा उपलब्ध डेटाबेस से पात्र लाभार्थियों की पहचान करने को कहा गया है. अभियान के दौरान रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 सेवा गतिविधियां भी आयोजित होंगी.