छत्तीसगढ़ में आयुष्मान स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत कथित अनियमितताओं पर स्वास्थ्य विभाग ने 16 निजी अस्पतालों को योजना से बाहर कर दिया है. इन अस्पतालों पर एक से तीन साल तक का प्रतिबंध लगाया गया है. यह कार्रवाई स्टेट नोडल एजेंसी की टीम की जांच के बाद की गई.
विभागीय टीम ने राज्य के 19 अस्पतालों में जांच और छापे की कार्रवाई की थी. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, बस्तर, कबीरधाम, कोंडागांव और कोरबा जिलों के अस्पतालों से दस्तावेज जब्त किए गए. संबंधित अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था. स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने के बाद कार्रवाई की गई.
जांच में आरोप सामने आए कि कुछ अस्पताल एजेंटों के जरिए दूरदराज के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से मरीज बुला रहे थे. सामान्य बीमारियों के मरीजों के लिए गंभीर बीमारी या गहन चिकित्सा इकाई से जुड़े पैकेज ब्लॉक किए गए. योजना के तहत इलाज निशुल्क होने के बावजूद कुछ हितग्राहियों और उनके परिजनों से अतिरिक्त राशि लेने की बात भी जांच में सामने आई.
अतिरिक्त राशि वसूलने के आरोप सिद्ध होने पर 10 अस्पतालों को एक-एक साल के लिए प्रतिबंधित किया गया है. गंभीर अनियमितता और कूटरचित दस्तावेज से जुड़े मामलों में छह अस्पतालों पर तीन-तीन साल की कार्रवाई हुई है.
तीन साल के प्रतिबंध वाले अस्पतालों में जगदलपुर का स्वामी चंद्रशेखरानंद अस्पताल, रायपुर का श्रीनिवास अस्पताल और अनंत साई अस्पताल, भिलाई का पल्स अस्पताल तथा नगर स्थित एक अस्पताल शामिल हैं. एक साल के प्रतिबंध वाले अस्पतालों में रायपुर का महावीर अस्पताल और एसके केयर अस्पताल, कबीरधाम का जय जगन्नाथ अस्पताल, बिलासपुर का अशोक प्रसूति मंदिर, नेताम अस्पताल, कोरबा का हरिकृष्णा केयर अस्पताल और बिलासपुर का केयर एंड केयर अस्पताल शामिल हैं.
महावीर अस्पताल पर एक हितग्राही से 80 हजार रुपये अतिरिक्त लेने और पंजीकृत स्थान से अलग संचालन का आरोप था. विभागीय निर्देश स्वास्थ्य सेवाएं आयुक्त और स्टेट नोडल एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव कुमार झा के स्तर से जारी किए गए.
