छत्तीसगढ़ में कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पात्र धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी. सहायता की गणना किसान द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के बजाय डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर की जाएगी.
नई व्यवस्था के तहत किसान यदि निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचता है, तब भी सत्यापित पात्र रकबे के अनुसार पूरी सहायता पाने का हकदार होगा. यह राशि आधार से जुड़े बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी जाएगी.
योजना का लाभ लेने के लिए किसान का एग्रीस्टैक में पंजीयन और धान विक्रय के लिए पंजीकरण जरूरी है. धान बेचने के लिए टोकन जारी कराते समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन भी करना होगा. धान बीज उत्पादन से जुड़े पात्र किसानों को भी योजना में शामिल किया गया है.
जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबा तय किया जा सकता है. ट्रस्ट, मंडल, निजी लिमिटेड कंपनी और शाला विकास समिति जैसी संस्थाएं इस सहायता के लिए पात्र नहीं होंगी.
