छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ ₹13,839 की आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है. सहायता की गणना धान बेचने की मात्रा के आधार पर नहीं, बल्कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के बोए गए रकबे के आधार पर होगी.
डिजिटल सर्वे से तय होगी पात्रता
किसान के खेत में धान की वास्तविक बुवाई का रकबा डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज और सत्यापित होना जरूरी है. सर्वे में रकबा कम दर्ज होने या जानकारी में त्रुटि रहने पर सहायता की पात्रता प्रभावित हो सकती है.
यदि किसी क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे का आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, तो जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबे का सत्यापन कराना होगा. इस तरह योजना का लाभ सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज और सत्यापित रकबे से जुड़ा रहेगा.
कम धान बेचने पर भी सहायता का प्रावधान
दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ की अधिकतम सीमा से कम धान बेचता है, तब भी सत्यापित पात्र रकबे के आधार पर सहायता मिल सकती है. कॉमन धान के लिए ₹2,441 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य और ₹3,100 प्रति क्विंटल के निर्धारित आधार मूल्य के बीच ₹659 का अंतर तय किया गया है. 21 क्विंटल के आधार पर यही अंतर ₹13,839 प्रति एकड़ की सहायता राशि बनता है. यह लाभ अन्य सभी शर्तें पूरी होने पर ही मिलेगा.
किसान का खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीयन और एग्रीस्टैक में पंजीकरण अनिवार्य है. धान का उपार्जन मार्कफेड के जरिए सहकारी समिति या लैम्प्स से होना चाहिए. धान बीज उत्पादकों के लिए बीज निगम से उपार्जन की शर्त लागू होगी.
टोकन जारी करते समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा और भुगतान आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा. ग्रीष्मकालीन मौसम में बोया गया धान इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है. किसानों को पंजीयन, बैंक खाते और फसल रकबे का सत्यापन समय रहते दुरुस्त कराने की सलाह दी गई है.
