रायपुर. ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार आर्थिक सहायता देगी. छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए अधिकतम तीन लाख रुपये तक की सहायता मिल सकेगी.

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर है. सहायता के तौर पर वास्तविक खर्च या तीन लाख रुपये, दोनों में से जो राशि कम होगी, वह मान्य होगी.

यात्रा और उपकरण खर्च के नियम

यात्रा व्यय की गणना वास्तविक यात्रा टिकट और उससे जुड़े प्रमाणों के आधार पर की जाएगी. खेल उपकरणों के मामले में खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या संबंधित उपकरण के बाजार मूल्य में से कम राशि स्वीकार की जाएगी. उपकरणों के लिए अभिप्रमाणित कोटेशन और सामग्री की दरों का विवरण देना जरूरी होगा.

योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है. उसे संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व भी करना होगा. एक वित्तीय वर्ष में एक खिलाड़ी को केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी. आवेदन के साथ प्रतियोगिता में भागीदारी का प्रमाण पत्र और चयन पत्र प्रस्तुत करना होगा.

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

आवेदक को नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, आयु, लिंग, खेल का नाम, स्थायी और वर्तमान पता, संपर्क विवरण तथा बैंक खाते की जानकारी देनी होगी. इसके अलावा प्रतियोगिता का नाम, आयोजन स्थल, देश, अवधि, चयन पत्र का विवरण और छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व की जानकारी भी देनी होगी. यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए दावा की गई राशि अलग-अलग बतानी होगी.

आवेदन के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का प्रमाण पत्र और चयन पत्र, वास्तविक यात्रा टिकट, खेल उपकरणों का अभिप्रमाणित कोटेशन, सामग्री दर की प्रति, प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति, मूल निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति, आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार का फोटो लगाना होगा.

मूल दस्तावेज नहीं होने पर आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. अपूर्ण, देर से प्राप्त या शर्तें पूरी नहीं करने वाले आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं. गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द करने के साथ प्राप्त राशि लौटाने की जिम्मेदारी खिलाड़ी की होगी.

खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 के पते पर भेज सकते हैं. आवेदन प्रारूप और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है. सहायता के लिए 0771-2262177 और 0771-2262178 पर संपर्क किया जा सकता है.