प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी सूची में राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी शामिल किया गया है.
‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के तहत पुरस्कार समारोह 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर राज्य और चयनित नगरीय निकायों को सम्मान दिया जाएगा.
मंत्रालय की सूची के अनुसार, छत्तीसगढ़ को पूरे राज्य के ओवरऑल प्रदर्शन के लिए एक पुरस्कार मिलेगा. वहीं, उत्कृष्ट कार्य के लिए बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली नगरीय निकायों का चयन हुआ है. इन निकायों ने अपने क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़ने और उनके छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है.
नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के अनुसार, पुरस्कारों के चयन का आधिकारिक पत्र केंद्रीय मंत्रालय से प्राप्त हो चुका है. समारोह में पुरस्कार ग्रहण करने के लिए राज्य शासन और तीनों चयनित निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है.
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों और छोटे व्यापारियों के आर्थिक सशक्तीकरण का परिणाम है. योजना के तहत पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
