छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए चार राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चुना गया है. केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का भी ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए चयन किया है.

मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पुरस्कार समारोह 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा. इसी समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य और चयनित तीनों नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा.

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की जानकारी दी है. भारत सरकार ने राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को समारोह में आमंत्रित किया है.

पथ विक्रेताओं के सशक्तीकरण पर जोर

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने चयन पर राज्य और तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगरीय निकायों के काम और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है.

साव के अनुसार, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने पर केंद्रित है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे भी अधिक प्रतिबद्धता से काम करने के लिए प्रेरित करेगा.