छत्तीसगढ़ में गांवों की विकास योजनाएं तैयार करने के लिए दो अक्टूबर से ग्राम सभाओं के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके तहत ग्रामीण अपने गांव की जरूरतों, समस्याओं और विकास प्राथमिकताओं पर सुझाव देंगे. इन सुझावों, स्थानीय संसाधनों और मौजूदा विकास संबंधी कमियों के आधार पर ग्राम पंचायत की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

यह योजना ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की योजना बनाने के लिए वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025 के तहत प्रमुख माध्यम के रूप में लागू की जा रही है. प्रक्रिया में गांव के उपलब्ध संसाधनों, मौजूदा परिसंपत्तियों और अधूरी जरूरतों का आकलन किया जाएगा. ग्राम सभा की मंजूरी के बाद योजनाओं को विकासखंड और जिला स्तर पर समेकित किया जाएगा.

ग्राम सभा में साझा होंगे आंकड़े और मानचित्र

दो अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को ग्राम पंचायत से जुड़े आधारभूत आंकड़ों, मानचित्रों, अनुमेय कार्यों और योजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी. गांव की विकास संबंधी कमियों, जल बजट और ई-जल पोर्टल से प्राप्त अनुशंसित कार्यों पर भी चर्चा होगी.

इस दौरान ऐसी परिसंपत्तियों की पहचान की जाएगी, जो जमीन पर मौजूद हैं, लेकिन डिजिटल अभिलेखों में दर्ज नहीं हैं. बस्ती, वार्ड और ग्राम स्तर पर सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन और सामुदायिक परामर्श की प्रक्रिया के साथ उसकी समय-सीमा भी तय की जाएगी.

अक्टूबर और नवंबर में बस्ती तथा वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों से समस्याओं, जरूरी सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और संभावित विकास कार्यों पर सुझाव लिए जाएंगे. परिसंपत्तियों का स्थल सत्यापन होगा और डिजिटल रिकॉर्ड से बाहर मिली परिसंपत्तियों को युक्तधारा पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा. प्रस्तावित कार्यों के संभावित स्थानों को डिजिटल मानचित्र पर चिह्नित किया जाएगा.

दिसंबर में रखा जाएगा योजना का प्रारूप

दिसंबर में भूमि और क्षेत्रीय जानकारी के आधार पर तैयार योजना का प्रारूप ग्राम सभा के सामने पेश किया जाएगा. इसमें प्रस्तावित कार्यों, उनके संभावित स्थानों और अन्य विवरणों के साथ व्यक्तिगत लाभार्थियों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. सुझावों के आधार पर संशोधन के बाद ग्राम सभा औपचारिक प्रस्ताव पारित कर योजना को मंजूरी देगी.

ग्राम पंचायतों से अनुमोदित योजनाओं के मिलने के बाद 15 जनवरी तक विकासखंड और जिला स्तर पर समेकन पूरा करने का लक्ष्य है. योजना में जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका से जुड़ी अधोसंरचना और प्रतिकूल मौसमीय घटनाओं के प्रभाव को कम करने वाले कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.