केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है. इस फैसले के तहत दिव्यांगजन पेंशन योजना में पात्रता के लिए जरूरी बेंचमार्क दिव्यांगता को 80 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है.
सरकार के अनुसार, योजना का नया नाम प्रधानमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना होगा. अब दिव्यांगता पेंशन के लिए न्यूनतम आयु की शर्त जन्म से लागू होगी. सहायता राशि 0 से 79 वर्ष की आयु के लाभार्थियों के लिए 375 रुपये और 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वालों के लिए 625 रुपये होगी.
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के लिए पांच वर्षों में 53,428 करोड़ रुपये का कुल प्रावधान किया गया है. सरकार का कहना है कि इस फैसले से देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में करीब 3.20 करोड़ लाभार्थियों को फायदा होगा.
नई पात्रता, लाभार्थियों की संख्या और सहायता राशि से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन तीन महीने के भीतर जारी कर लागू की जाएगी. योजना के तहत अन्य पेंशन और पारिवारिक लाभ योजनाएं मौजूदा स्वरूप में जारी रहेंगी.
