केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिव्यांगजन पेंशन योजना के नियमों में बदलाव को मंजूरी दी है. अब योजना के तहत पात्रता के लिए 80% दिव्यांगता की शर्त के बजाय 40% ‘बेंचमार्क दिव्यांगता’ का मानदंड लागू होगा. न्यूनतम आयु सीमा भी जन्म से मानी जाएगी.
नई व्यवस्था के तहत 0 से 79 वर्ष की आयु वाले लाभार्थियों को ₹375 की सहायता राशि मिलेगी. 80 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लाभार्थियों के लिए यह राशि ₹625 होगी.
सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल के लिए जारी रखने का फैसला किया है. इसके साथ कार्यक्रम और इसकी उप-योजनाओं के नाम भी बदले जाएंगे. राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम का नया नाम प्रधानमंत्री सामाजिक सहायता योजना और दिव्यांगता पेंशन योजना का नाम प्रधानमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना किया जाएगा.
वृद्धावस्था और विधवा पेंशन योजनाओं तथा राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना को उनके मौजूदा स्वरूप में जारी रखने का निर्णय लिया गया है. सरकार के अनुसार, इस मंजूरी से सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 3.20 करोड़ लाभार्थियों को लाभ मिलेगा. नए पात्रता मानदंड, लाभार्थियों की संख्या और सहायता राशि से जुड़ी गाइडलाइन तीन महीने के भीतर जारी कर लागू की जाएगी.
