दुमका जिले के मसलिया प्रखंड की आमगाछी पंचायत में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देने के लिए वित्तीय समावेशन शिविर आयोजित किया गया. शिविर में बैंक अधिकारियों और जेएसएलपीएस प्रतिनिधियों ने लोगों को कल्याणकारी योजनाओं के साथ साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए.

शिविर के दौरान प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत शून्य बैलेंस पर नए बचत खाते खोलने की सुविधा दी गई. पुराने खातों की री-केवाईसी और अधूरी नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के साथ बंद खातों को भी केवाईसी के जरिए सक्रिय करने की प्रक्रिया की गई.

ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन की जानकारी दी गई. इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा लोन, गोल्ड लोन और पीएम किसान योजना से जुड़ने के बारे में भी बताया गया.

शिविर में डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने को लेकर जागरूक किया गया. ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों ने ऐसे लोगों के बैंक खाते खोले, जिनके पास पहले से खाता नहीं था.