भारत में वित्तीय समावेशन का फोकस अब केवल बैंक खाते खोलने तक सीमित नहीं है. सरकार के अनुसार, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, ऋण, बीमा, पेंशन और Direct Benefit Transfer जैसी सेवाओं तक लोगों की सक्रिय पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है.

RBI का Financial Inclusion Index मार्च 2017 के 43.4 से बढ़कर मार्च 2026 में 70.0 हो गया. 6 मार्च 2026 तक देश के 99.92 प्रतिशत गांवों में पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग आउटलेट उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है.

बैंकिंग पहुंच को मजबूत करने में बैंक शाखाओं के साथ Business Correspondents और India Post Payments Bank की भूमिका भी अहम बताई गई है. 17 जुलाई 2026 तक देश में 1.81 लाख से अधिक बैंक शाखाएं और 17.36 लाख से अधिक Business Correspondents थे. India Post Payments Bank का नेटवर्क 1.65 लाख से अधिक डाकघरों तक फैला है और यह 11 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है.

योजनाओं से बैंकिंग भागीदारी तक

प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत बिना बैंक खाते वाले वयस्कों को बेसिक सेविंग्स बैंक अकाउंट, RuPay डेबिट कार्ड, बीमा, पेंशन, ऋण और DBT जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रावधान है. 2025 में चलाए गए राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन अभियान के दौरान 2.67 लाख से अधिक शिविर लगाए गए. इनमें 5.19 करोड़ KYC पुनःसत्यापन और 1.20 करोड़ नामांकन अपडेट पूरे किए गए.

सरकार के मुताबिक, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों और डिजिटल भुगतान के विस्तार से लोगों को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था में अधिक सुरक्षित और सक्रिय भागीदारी का अवसर मिल रहा है.