केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत पहली बार औपचारिक नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को अधिकतम ₹15,000 तक का प्रोत्साहन मिल सकता है. यह लाभ उन कर्मचारियों के लिए है, जिनका पहली बार EPFO में पंजीकरण हुआ है और जिनकी मासिक वेतन सीमा ₹1 लाख तक है.
योजना के तहत राशि दो किस्तों में दी जाएगी. पहली किस्त कर्मचारी के छह महीने की सेवा पूरी करने के बाद मिलेगी. दूसरी किस्त 12 महीने की सेवा पूरी होने और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद दी जाएगी. दूसरी किस्त का एक हिस्सा बचत साधन में रखे जाने का प्रावधान है.
लाभ लेने के लिए क्या जरूरी है
कर्मचारी के पास Universal Account Number यानी UAN होना चाहिए. UAN सक्रिय कराने और योजना से जुड़ी प्रक्रिया के लिए EPFO पोर्टल या UMANG ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. योजना का भुगतान Direct Benefit Transfer के जरिए आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा.
लाभ पाने के लिए कर्मचारी को कम से कम छह महीने तक उसी संस्थान में काम करना होगा. योजना में नियोक्ताओं के लिए भी अतिरिक्त रोजगार पैदा करने पर प्रोत्साहन का प्रावधान रखा गया है.
