राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मुफ्त खाद्यान्न पाने वाले लाभार्थियों को लेकर केंद्र सरकार के लिए कराए गए मूल्यांकन में 13.2 प्रतिशत का ‘इन्क्लूजन एरर’ सामने आया है. इसका अर्थ है कि कुछ ऐसे परिवार भी योजना का लाभ ले रहे हैं, जो संबंधित राज्यों के तय पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरते.
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कराए गए इस अध्ययन में देश के सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 51,303 ग्रामीण और शहरी लाभार्थी परिवारों को शामिल किया गया. ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 12.5 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 15.6 प्रतिशत रही. अंत्योदय अन्न योजना (AAY) परिवारों में दर 12.2 प्रतिशत, जबकि प्राथमिकता वाले परिवारों (PHH) में 13.4 प्रतिशत दर्ज की गई.
राज्यवार आंकड़ों में पश्चिम बंगाल 39.5 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर रहा. इसके बाद त्रिपुरा 39.2 प्रतिशत और तमिलनाडु 38.7 प्रतिशत पर रहे. मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में यह दर अपेक्षाकृत कम बताई गई.
अध्ययन में तीन या अधिक कमरों वाले पक्के मकान, कार, एयर कंडीशनर और परिवार के किसी सदस्य की सरकारी नौकरी जैसे संकेतकों को अपात्रता से जुड़ा पाया गया. हालांकि अंतिम कार्रवाई संबंधित राज्य सरकारों द्वारा अपने नियमों और सत्यापन प्रक्रिया के आधार पर की जानी है.
