गढ़वा जिले की 2,22,327 महिलाओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की अक्टूबर माह की राशि हस्तांतरित कर दी गई है. दिवाली और छठ महापर्व से पहले भुगतान होने से लाभुकों को त्योहार की तैयारियों और घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी.

जिला प्रशासन के अनुसार, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशन में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने सभी स्वीकृत और योग्य लाभुकों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी की. योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जाती है.

खाते में राशि नहीं आने पर क्या करें

लाभुक महिलाएं अपने बैंक खाते, एटीएम या बैंकिंग ऐप के जरिए भुगतान की स्थिति जांच सकती हैं. यदि राशि खाते में नहीं पहुंची है, तो संबंधित प्रखंड कार्यालय या बैंक शाखा से संपर्क किया जा सकता है. जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से भी योजना से जुड़ी जानकारी और सहायता लेने की अपील की गई है.

प्रशासन ने लाभुकों से योजना को लेकर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा सही जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने को कहा है.