बिहार के गोपालगंज जिले में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता लेने के बाद उद्योग शुरू नहीं करने वाले 315 लाभार्थियों पर कार्रवाई की तैयारी है. उद्योग विभाग ने इन लाभार्थियों को कई बार नोटिस जारी किया है. निर्धारित अवधि में उद्योग शुरू नहीं करने या राशि वापस नहीं करने पर सर्टिफिकेट केस दर्ज कराया जाएगा.

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2018 से 2024 के बीच जिले में अलग-अलग कारोबार स्थापित करने के लिए 1,078 लाभार्थियों का चयन किया गया था. इनमें से 509 उद्योगों के संचालित होने की जानकारी विभाग के पास है. कुछ शुरू की गई इकाइयां बाद में बंद भी हो गईं, जिनकी जांच कराई जा रही है.

इसके अलावा उद्योग शुरू करने के बाद योजना के तहत लिए गए ऋण की किस्त नहीं चुकाने वाले 254 लाभार्थियों को भी नोटिस दिया गया है. विभाग ने कहा है कि समय पर किस्त जमा नहीं करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी.

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना में अधिकतम 10 लाख रुपये की परियोजना सहायता का प्रावधान है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इसमें अधिकतम पांच लाख रुपये अनुदान और अधिकतम पांच लाख रुपये ब्याजमुक्त ऋण के रूप में दिए जाते हैं.