गोरखपुर में सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की कहानियों को 60 सेकेंड की वीडियो रील के जरिए सामने लाने की तैयारी है. यह पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से शुरू होकर एक महीने तक चलेगी.

अभियान में जिले के करीब 37,500 लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव को दिखाने का लक्ष्य रखा गया है. रीलों में योजनाओं की जानकारी के साथ लाभार्थियों के अनुभव और उनके जीवन पर पड़े असर को प्रमुखता दी जाएगी.

योजना के तहत ग्राम विकास और कृषि विभाग से जुड़े 5,000-5,000, पंचायती राज विभाग के 4,000, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के 6,000, चिकित्सा विभाग के 2,000 और पूर्ति विभाग के 5,000 लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा.

नगर निकायों और शिक्षा विभाग से जुड़े 2,000-2,000, सामाजिक क्षेत्र के 1,000 और खेल विभाग के 500 लाभार्थियों की कहानियां भी अभियान का हिस्सा होंगी. निर्माण विभाग बड़ी अवस्थापना और जनोपयोगी परियोजनाओं पर केंद्रित रील तैयार करेगा.

जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यह बताना है कि सरकारी योजनाओं का असर गरीबों, किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं के जीवन पर कैसे पड़ रहा है.