केंद्र सरकार वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में बाजार से 7.86 लाख करोड़ रुपये उधार लेगी. इसके साथ ही पूरे वित्त वर्ष के लिए प्रतिभूतियों के जरिए सकल बाजार कर्ज का अनुमान 15,99,506 करोड़ रुपये हो गया है. यह बजट में तय 17,20,000 करोड़ रुपये के अनुमान से 1,20,494 करोड़ रुपये कम है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार ने यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया है. पहली छमाही में सितंबर के अंत तक सरकार बॉन्ड के जरिए 8,13,506 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है.

दूसरी छमाही का कर्ज 23 साप्ताहिक नीलामियों के माध्यम से जुटाया जाएगा. इसके लिए तीन, पांच, सात, 10, 15, 30, 40 और 50 साल की अवधि वाली सरकारी प्रतिभूतियां जारी की जाएंगी. इस योजना में 15,000 करोड़ रुपये के सरकारी हरित बॉन्ड भी शामिल हैं.

बजट 2026-27 में सकल बाजार कर्ज का अनुमान 17.2 लाख करोड़ रुपये और शुद्ध बाजार उधारी का अनुमान करीब 11.7 लाख करोड़ रुपये रखा गया था.