गुजरात सरकार ने आंगनवाड़ियों में 3 से 6 वर्ष की उम्र के बच्चों को दिए जाने वाले गर्म और पौष्टिक भोजन की दर में 67 प्रतिशत बढ़ोतरी की है. अब हॉट कुक्ड मील के लिए प्रति बच्चा प्रतिदिन ₹8.50 खर्च किए जाएंगे. पहले यह राशि ₹5.10 थी.

इस फैसले से राज्य की 53,065 आंगनवाड़ियों में आने वाले 16.17 लाख से अधिक बच्चों को लाभ मिलने की बात कही गई है. अतिरिक्त ₹3.40 की पूरी राशि गुजरात सरकार अपने बजट से देगी. इसके लिए सालाना करीब ₹80 करोड़ का अतिरिक्त खर्च अनुमानित है. पहले ₹5.10 की राशि केंद्र और राज्य सरकार 50:50 के आधार पर वहन करती थीं.

मेनु में दाल, अनाज और फल शामिल

नए साप्ताहिक मेनु में उबले या अंकुरित मूंग, तुवर दाल, मसाला चना, मूंग-चावल, वेजिटेबल पुलाव, हरी सब्जियों के मुठिया और सब्जियों-फलों को शामिल किया गया है. इसके अलावा बच्चों को शीरा, सुखड़ी, लौकी के ढेबरे, गुड़ के पूड़े, भाखरी, ढोकला और इडली जैसी चीजें भी दी जाएंगी. अलग-अलग दिनों में अलग व्यंजन रखने का उद्देश्य बच्चों को विविध पोषक तत्व उपलब्ध कराना है.

योजना के अनुसार सुबह 11 बजे गर्म नाश्ता और दोपहर 1:30 बजे गर्म भोजन देने का प्रावधान रहेगा.

स्थानीय खरीद के लिए सामग्रीवार राशि

नई दर में तुवर दाल के लिए ₹1.24, साबुत चने के लिए ₹0.85, साबुत मूंग के लिए ₹1.30, गुड़ के लिए ₹0.525, मौसमी हरी सब्जियों के लिए ₹0.83 और फलों के लिए ₹2 निर्धारित किए गए हैं. मूंगफली या तिल के लिए ₹0.65, मसालों के लिए ₹0.60 और स्थानीय परिवहन के लिए ₹0.50 का प्रावधान है. इससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर भोजन सामग्री खरीदने के लिए अधिक राशि उपलब्ध होगी.