गुजरात कृषि विभाग ने रबी सीजन की योजनाओं के लिए ‘आई-खेडूत पोर्टल’ पर ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं. किसान प्रमाणित बीज, सीड मिनी किट और प्रदर्शन घटकों का लाभ लेने के लिए 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. विभाग ने किसानों से तय समयसीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है.

इसके साथ ही राज्य में खरीफ फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 15 दिन बढ़ाई गई है. पहले पंजीकरण की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित थी. अब किसान मूंगफली, मूंग, सोयाबीन और उड़द को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए 24 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे.

कृषि विभाग के अनुसार, पंजीकरण की समयसीमा बढ़ाने की मांग सांसदों, विधायकों और किसान प्रतिनिधियों की ओर से की गई थी. इन मांगों पर विचार के बाद सरकार ने किसानों को अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया.

कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने किसानों से ‘आई-खेडूत पोर्टल’ के जरिए रबी सीजन की विभिन्न योजनाओं के लिए समय पर आवेदन करने और MSP खरीद पंजीकरण की बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाने की अपील की है.