हरियाणा में 60 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को अगले पांच वर्षों में अपग्रेड किया जाएगा. यह काम प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड ITI (PM-सेतु) योजना के तहत 12 क्लस्टरों में किया जाना है.

योजना के तहत ITI में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक वाहन, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे उभरते क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है. इसका उद्देश्य प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है.

समीक्षा बैठक में पाठ्यक्रमों के पुनर्गठन, नए कोर्स विकसित करने और उद्योग विशेषज्ञों व मास्टर ट्रेनरों की मदद लेने पर भी चर्चा हुई. कार्यशालाओं, प्रयोगशालाओं और डिजिटल कक्षाओं को आधुनिक बनाने के साथ अप्रेंटिसशिप और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग की व्यवस्था मजबूत करने की योजना है.

राज्य में कुरुक्षेत्र, कलायत, सोनीपत, झज्जर और पलवल समेत पांच क्लस्टरों के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं. कुरुक्षेत्र और कलायत क्लस्टरों से जुड़े प्रस्तावों का मूल्यांकन कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है.

हरियाणा सरकार ने तकनीकी शिक्षा में AI, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और इलेक्ट्रिक वाहन जैसी तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए IIT रोपड़ के साथ भी सहयोग समझौता किया है.