हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम ने अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ड्रोन उद्यमी योजना शुरू की है. योजना का उद्देश्य युवाओं को ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण देकर अपना सेवा उद्यम स्थापित करने का अवसर देना है.

योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार ऋण, वित्तीय सहायता, अनुदान और ड्रोन संचालन से जुड़ा तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद युवा ड्रोन सेवाओं के जरिए अपनी आजीविका शुरू कर सकेंगे.

योजना में कृषि भूमि पर कीटनाशक और उर्वरक का छिड़काव, भूमि सर्वेक्षण, डिजिटल मैपिंग, भूमि एवं संपत्ति सर्वेक्षण, निर्माण और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं में ड्रोन सेवाएं शामिल हैं. ऊर्जा तथा बिजली लाइनों के निरीक्षण और अन्य स्वीकृत ड्रोन आधारित व्यावसायिक गतिविधियों में भी काम के अवसर मिल सकते हैं.

हरियाणा के वे अनुसूचित जाति वर्ग के युवा आवेदन कर सकते हैं, जो योजना की निर्धारित पात्रता और शर्तें पूरी करते हों. आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित जिला कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.