हरियाणा सरकार ने PM-SETU योजना के तहत कुरुक्षेत्र ITI क्लस्टर के लिए ₹320.44 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है. यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता वाली स्थायी वित्त समिति की बैठक में लिया गया. परियोजना का उद्देश्य सरकारी ITI में आधुनिक बुनियादी ढांचा, प्रयोगशालाएं, मशीनरी और उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करना है.
परियोजना में केंद्र सरकार ₹160.22 करोड़, हरियाणा सरकार ₹105.75 करोड़ और एंकर उद्योग भागीदार Jindal Naveen Avsar Limited ₹54.47 करोड़ देगा. राज्य के हिस्से के लिए वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक बजट प्रावधान किया गया है. चालू वित्त वर्ष में लगभग ₹10.50 करोड़ की अग्रिम राशि भी मंजूर की गई है.
सात ITI का हब-स्पोक मॉडल
राजकीय ITI कुरुक्षेत्र को हब बनाया जाएगा. इसके साथ महिला ITI कुरुक्षेत्र, राजकीय ITI कैथल, महिला ITI कैथल, ITI पिहोवा, ITI पबनावा और महिला ITI अंबाला सिटी को स्पोक संस्थानों के रूप में जोड़ा जाएगा. कुल लागत में ₹163.06 करोड़ पूंजीगत कार्यों और ₹157.38 करोड़ परिचालन खर्च के लिए निर्धारित हैं.
