हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जा रहे हैं. अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाना है.

प्रशासन की ओर से आयोजित इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण और संबंधित सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.

शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर पर विशेष शिविरों की व्यवस्था की गई है. ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े गांवों और ब्लॉक स्तर पर भी शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जा रही है.

अभियान में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े कई मॉड्यूल शामिल हैं. इनमें सेवा सेतु, रक्तदान, स्वच्छता, जागरूकता और सुशासन संवाद जैसी गतिविधियां शामिल हैं. प्रशासन ने विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर ध्यान देने को कहा है.