हरियाणा सरकार ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के आवेदन आमंत्रित किए हैं. पात्र युवा 30 नवंबर 2026 तक हरियाणा रोजगार विभाग के पोर्टल hrex.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. निर्धारित तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
योजना के तहत 12वीं उत्तीर्ण, दो वर्षीय प्रमाणपत्र या डिप्लोमा धारक युवाओं को 1,200 रुपये प्रतिमाह भत्ता दिया जाएगा. स्नातक या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले तथा तीन वर्षीय डिप्लोमा धारक आवेदकों के लिए यह राशि 2,000 रुपये प्रतिमाह है.
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदक हरियाणा का मूल निवासी होना चाहिए और 1 नवंबर 2026 तक राज्य के किसी रोजगार कार्यालय में लगातार कम से कम तीन वर्ष से पंजीकृत होना जरूरी है. आयु सीमा 21 से 35 वर्ष रखी गई है. आवेदक नौकरी या स्वरोजगार में नहीं होना चाहिए और वह विद्यार्थी, प्रशिक्षु या अप्रेंटिस भी नहीं होना चाहिए.
परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा परिवार के पास 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की आवासीय या व्यावसायिक संपत्ति अथवा दो हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि नहीं होनी चाहिए. आवेदन से पहले परिवार पहचान पत्र, आधार, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र और आधार से जुड़ी बैंक पासबुक समेत आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है.
