जमुई जिले के सिकंदरा स्थित +2 श्रीकृष्ण विद्यालय में 3 नवंबर 2026 को सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिला महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को महिला और बालिका सशक्तिकरण, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय जागरूकता और आत्मनिर्भरता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.

कार्यक्रम में मिशन शक्ति के तहत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, नारी अदालत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के बारे में बताया गया. छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई.

सत्र के दौरान साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर चर्चा हुई. बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया गया. छात्राओं को आपातकालीन सहायता नंबर 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने की जानकारी दी गई.

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ विकाश कुमार ने बचत, बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल लेन-देन में सावधानी के बारे में बताया. कार्यक्रम में लेखा सहायक प्रताप सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर चंदन कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं.