प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत जांजगीर-चांपा जिले के 1,21,359 किसानों के बैंक खातों में कुल 24.75 करोड़ रुपये अंतरित किए गए. देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की.
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा के कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा.
देशभर में 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ
योजना की 24वीं किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई. इसी वितरण के तहत जांजगीर-चांपा जिले के किसानों को 24.75 करोड़ रुपये मिले.
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी. उन्होंने रबी सीजन में धान के अलावा दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने की अपील की. किसानों को मिट्टी परीक्षण के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया.
प्राकृतिक खेती पर भी जानकारी
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के.डी. महंत ने प्राकृतिक खेती के महत्व और इसके लाभ समझाए. उन्होंने जीवामृत और बीजामृत तैयार करने की विधि तथा खेती में इनके उपयोग की जानकारी दी.
जिला स्तरीय कार्यक्रम में 123 से अधिक किसान और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. विकासखंड स्तर पर 320 किसानों और ग्राम पंचायत स्तर पर 2,116 से अधिक किसानों को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया. इस दौरान कृषि विभाग और संबंधित संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
