झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में सरकारी योजनाओं और सामाजिक समावेशन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 26 नवंबर को विभिन्न जिलों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सुरक्षित मातृत्व, आवास, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्वच्छता पर विशेष अभियान चलाए गए.
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की पहल पर आयोजित दिव्यांगजन सशक्तिकरण और समावेशी समाज दिवस के कार्यक्रमों में 2,16,400 से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई. कार्यक्रमों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और दिव्यांगजनों की पहचान, प्रारंभिक जांच तथा सरकारी सुविधाओं की जानकारी देने पर जोर रहा.
लाभुकों को UDID कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता देने के साथ जरूरतमंद लोगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विभागीय समन्वय किया गया. आंगनबाड़ी केंद्रों पर परिवारों को योजनाओं की जानकारी दी गई और समावेशी खेल व जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं.
सरायकेला-खरसावां जिले में प्रखंड स्तर पर सहायता शिविर लगाकर UDID कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया. अधिकारियों के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को योजनाओं, सुविधाओं और अधिकारों से जोड़ना है.
