झारखंड के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जल्द ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की सुविधा मिल सकती है. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर दोनों व्यवस्थाएं शुरू करने का निर्देश दिया.
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट शुरू होने के बाद मरीज घर से ही ओपीडी के लिए समय ले सकेंगे. इससे अस्पतालों में पंजीकरण काउंटर पर लगने वाली कतार और प्रतीक्षा समय कम होने की उम्मीद है. डिजिटल पेमेंट से अस्पताल पहुंचने के बाद भुगतान की प्रक्रिया भी आसान होगी.
बैठक में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की इंटरनेट कनेक्टिविटी की भी समीक्षा हुई. BSNL को मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में Wi-Fi सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया. अधिकारियों के अनुसार, राज्य के 188 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में Wi-Fi शुरू हो चुका है.
ग्रामीण क्षेत्रों में हृदय रोग की शुरुआती पहचान के लिए AI आधारित टेली-ECG मशीन लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया. इसके जरिए ECG रिपोर्ट कम समय में उपलब्ध कराने और मोबाइल पर देखने की सुविधा देने की योजना है.
बैठक में संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को HRIS में दर्ज सत्यापित मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश भी दिया गया.
