रांची: झारखंड में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान 1,94,628 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. योजना का उद्देश्य गर्भवती और धात्री महिलाओं को मातृत्व अवधि में आर्थिक सहायता देना तथा मां और बच्चे के स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण को बढ़ावा देना है.

PMMVY 2.0 के तहत पहले जीवित बच्चे के लिए पात्र महिला को दो किस्तों में कुल ₹5,000 की सहायता दी जाती है. दूसरे बच्चे के रूप में बेटी होने पर ₹6,000 का लाभ एकमुश्त दिया जाता है. भुगतान Direct Benefit Transfer के माध्यम से बैंक या डाकघर खाते में किया जाता है.

पहले बच्चे के मामले में किस्तें गर्भावस्था के पंजीकरण, प्रसव-पूर्व जांच, बच्चे के जन्म और 14 सप्ताह तक के जरूरी टीकाकरण जैसी शर्तों से जुड़ी हैं. दूसरे बच्चे के लिए बेटी होने की स्थिति में प्रसव और निर्धारित टीकाकरण पूरा होने के बाद सहायता का प्रावधान है.

झारखंड में योजना का लाभ अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं के जरिए लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण और जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है. पात्रता के लिए महिला को योजना के निर्धारित सामाजिक-आर्थिक मानदंडों में आना जरूरी है.