झारखंड सरकार की वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना के तहत राज्य के अनाथ और दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी. योजना में पात्र छात्रों की ट्यूशन फीस का भुगतान अधिकतम 10 लाख रुपये प्रतिवर्ष तक करने का प्रावधान है.
इसके अलावा विद्यार्थियों को दैनिक उपभोग, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षणिक जरूरतों के लिए 4,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता राशि दी जाएगी. यह सहायता पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के दौरान मिलेगी. आधिकारिक योजना दस्तावेज के अनुसार, महीने के बीच में कक्षाएं शुरू या समाप्त होने पर भी उस महीने की सहायता राशि देय होगी.
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का झारखंड का स्थानीय निवासी होना जरूरी है. डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए झारखंड से 10वीं पास होना, जबकि डिग्री या उससे ऊपर के पाठ्यक्रमों के लिए झारखंड से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य बताया गया है. अनाथ विद्यार्थियों के मामले में माता-पिता की मृत्यु 18 वर्ष की आयु से पहले हुई होनी चाहिए.
बाहरी राज्यों के संस्थानों में पढ़ाई के लिए संस्थान की निर्धारित राष्ट्रीय रैंकिंग संबंधी शर्तें लागू होंगी. योजना का संचालन उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग करेगा.
