रोहतक, 1 अक्टूबर. हरियाणा सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत कलानौर स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से मौके पर आवेदन लिए.

राजस्व, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा जन स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी शिविर में मौजूद रहे. अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं के बारे में जानकारी दी.

शिविर में परिवार पहचान पत्र, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित कार्य किए गए. बिजली-पानी से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए भी लोगों को मौके पर सहायता उपलब्ध कराई गई.

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने और किसी भी पात्र नागरिक को योजनाओं से वंचित न रहने देने के निर्देश दिए. शिविर में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे.