उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत बोक्सा समुदाय के लिए बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया. शिविर का आयोजन हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजाति विद्यालय में समाज कल्याण विभाग, पौड़ी की ओर से किया गया.

शिविर में करीब 15 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी. अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं. उद्यान विभाग ने 20 लाभार्थियों को निशुल्क सब्जियों के बीज वितरित किए, जबकि कृषि विभाग ने सात लोगों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराए. दो लाभार्थियों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाया गया.

शिविर के दौरान बोक्सा जनजाति के 20 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए. अधिकारियों के अनुसार, कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया. शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने संबंधित विभागों को एक सप्ताह की समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

जनजातीय गौरव पखवाड़े के कार्यक्रम 1 से 15 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे हैं.