जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले की 29 गैर-विद्युतीकृत बस्तियों में बिजली पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह परियोजना 1,936 घरों को बिजली नेटवर्क से जोड़ने के लिए बनाई गई है. काम को Revamped Distribution Sector Scheme (RDSS) के तहत मंजूरी मिली है और इसके लिए ₹14.74 करोड़ आवंटित किए गए हैं.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में बताया कि परियोजना के लिए कुपवाड़ा जिले के 10 ब्लॉकों में Letters of Award जारी किए जा चुके हैं. मूरी, मनीगाह, कुमकड़ी, तंगदार, रेडी चोकिबल, वावूरा, माचिल, केरन, हयहामा, करूस, टीटवाल, सोगाम और कादिराबाद समेत कई इलाकों को योजना में शामिल किया गया है.

सरकार के अनुसार, सभी चिन्हित बस्तियों का सर्वे, ड्रॉइंग और अंतिम Bills of Quantities तैयार हो चुके हैं. जरूरी सामग्री की खरीद प्रक्रिया जारी है, जबकि पांच ब्लॉकों की 10 बस्तियों में काम शुरू हो चुका है. इन कार्यों पर करीब ₹86 लाख खर्च किए जा चुके हैं.

परियोजना को अक्टूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वित्त वर्ष 2026-27 में कुपवाड़ा जिले के बिजली कार्यों के लिए ₹3.68 करोड़ जारी किए गए हैं.