मधुबनी में सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला जिला परिवहन कार्यालय में जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर हुई.
बैठक में ट्रैफिक डीएसपी, सिविल सर्जन, आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधि शामिल हुए. अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे को ‘गोल्डन आवर’ बताते हुए इस अवधि में उपचार शुरू करने की जरूरत पर जोर दिया.
कार्यशाला में बताया गया कि योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तारीख से सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये का कैशलेस इलाज मिल सकेगा. इसका उद्देश्य इलाज के लिए धन की कमी से होने वाली देरी को कम करना है.
अस्पतालों को योजना से संबंधित सूचना बोर्ड और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए. घायल के भर्ती होते ही डायल-112 पर सूचना देने तथा सरकारी और निजी एंबुलेंस की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
