भोपाल में 22 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्य प्रदेश कैबिनेट बैठक में 13,790 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. फैसलों में सिंचाई, बिजली, खेल, न्यायिक व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं.

तीन सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी

कैबिनेट ने 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं को जारी रखने की मंजूरी दी. इनमें नीमच की जावद-नीमच प्रेसराइज्ड माइक्रो-इरिगेशन परियोजना के लिए 4,197.58 करोड़ रुपये, राजगढ़ की सुथालिया सिंचाई परियोजना के लिए 262.63 करोड़ रुपये और पार्वती-रिंसी सिंचाई परियोजना के लिए 507.23 करोड़ रुपये मंजूर किए गए. इन परियोजनाओं से 88,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता विकसित होने की जानकारी दी गई है.

इसके अलावा, 140 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री खेल परिसरों के निर्माण और संचालन के लिए 962.50 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई. राज्य की भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए 2,800 मेगावाट थर्मल पावर खरीदने का प्रस्ताव भी मंजूर हुआ.