महाराष्ट्र सरकार ने कैंसर मरीजों के लिए PET-CT स्कैन को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया है. यह सुविधा महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत उपलब्ध होगी.
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के 15 अक्टूबर 2026 के शासन निर्णय के अनुसार, PET-CT को 63 कैंसर उपचार पैकेज में ‘अतिरिक्त निदान प्रक्रिया’ के रूप में जोड़ा गया है. इससे पहले यह सुविधा 44 पैकेज में उपलब्ध थी. इसके अलावा 13 चयनित कैंसर उपचारों में PET-CT को प्राथमिक या स्वतंत्र निदान प्रक्रिया के रूप में मंजूरी दी गई है.
PET-CT जांच का उपयोग कैंसर की पहचान, बीमारी का चरण और उसके फैलाव का आकलन करने तथा उपचार के प्रभाव की निगरानी के लिए किया जाता है. इसकी लागत अधिक होने के कारण कई मरीजों पर इलाज के अलावा जांच का आर्थिक बोझ भी पड़ता था.
जांच की निर्धारित दरें
सरकार ने फुल-बॉडी PET-CT के लिए ₹20,400, ब्रेन PET-CT के लिए ₹14,650 और Gallium-68 PET-CT के लिए ₹15,000 की दर मंजूर की है. कार्डियक PET-CT के लिए निर्धारित दर ₹9,400 है.
जांच कराने के लिए संबंधित विशेषज्ञ को इसकी चिकित्सकीय आवश्यकता प्रमाणित करनी होगी. सुविधा केवल पात्र मरीजों और आवश्यक तकनीकी संसाधन, प्रशिक्षित कर्मचारियों तथा इन-हाउस PET-CT केंद्र वाले सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध होगी.
