महाराष्ट्र सरकार ने कातकरी, कोलाम और माडिया आदिम जनजातियों के साथ पारधी समाज के समग्र विकास के लिए 160 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को मंजूरी दी है. यह प्रावधान ‘विकसित महाराष्ट्र 2047’ कार्यक्रम के तहत 2026-27 के बजट में किया गया है.
पैकेज में आदिम जनजातियों के लिए 130 करोड़ रुपये और पारधी समाज के लिए 30 करोड़ रुपये रखे गए हैं. आदिम जनजातियों के हिस्से में 100 करोड़ रुपये बुनियादी सुविधाओं और 30 करोड़ रुपये व्यक्तिगत व सामूहिक लाभ की योजनाओं के लिए होंगे. पारधी समाज के लिए 10 करोड़ रुपये बुनियादी सुविधाओं और 20 करोड़ रुपये लाभार्थी योजनाओं पर खर्च किए जाएंगे.
व्यक्तिगत योजनाओं के लिए न्यूनतम 50 हजार रुपये और दो या अधिक लाभार्थियों वाली सामूहिक योजनाओं के लिए अधिकतम 7.5 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है. महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को भी सामूहिक उद्यम के लिए सहायता दी जाएगी.
पैकेज के तहत आधार, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड और बैंक खाते जैसे दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे. स्वास्थ्य जांच, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की सेवाएं तथा बच्चों की शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं.
