छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त गुरुवार को जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमोट बटन दबाकर लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस किस्त के तहत 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 632 करोड़ 40 लाख रुपये भेजे जाएंगे. कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के भी मौजूद रहने की जानकारी है.
मुख्यमंत्री के दुर्ग प्रवास के दौरान जिले में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है. इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
सेवा सेतु कार्यक्रम का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दोपहर करीब 12:05 बजे प्रथम बटालियन, भिलाई स्थित हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम है. वहां से वे सड़क मार्ग से रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग जाएंगे और करीब 12:10 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे.
दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक वे सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री रविशंकर स्टेडियम से प्रथम बटालियन भिलाई हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और करीब 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर लौटेंगे.
योजना के तहत कितनी सहायता मिलती है
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू है. इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता बैंक खाते में भेजी जाती है.
सरकार के अनुसार, लाभार्थी महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, पोषण और छोटे स्वरोजगार से जुड़े कार्यों में कर सकती हैं.
