गोरखपुर, 18 सितंबर. सेवा संकल्प अभियान ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ के तहत ग्राम पंचायत महुलिया खजुहा में ग्राम चौपाल आयोजित की गई. इसमें अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली.

चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना और हर घर शौचालय योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की गई. अधिकारियों ने उनसे पूछा कि योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं और प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी तो नहीं है. ग्रामीणों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ पर संतोष जताया.

अधिकारियों ने पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर दिया. चौपाल में सहायक विकास अधिकारी कृषि प्रवीण कुमार सिंह, सहायक विकास अधिकारी राजीव कुमार त्रिपाठी, ग्राम सचिव वीरेंद्र कुशवाहा, ग्राम प्रशासक संजय कुमार पांडेय और एडीओ पंचायत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया.