धनबाद के पूर्वी टुंडी प्रखंड की मैरानवाटांड़ पंचायत में नालसा मेगा ड्राइव फेज-1 के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. शिविर का आयोजन नालसा और झालसा के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धनबाद की ओर से किया गया.
कार्यक्रम में मेला-प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गीत के माध्यम से ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो के अनुसार, मैरानवाटांड़ पंचायत के सभी छह गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना अभियान का लक्ष्य है.
नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक
मैरानवाटांड़ गांव में जागृति साहिला फाउंडेशन की ओर से नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए. कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से इससे दूर रहने की अपील की.
शिविर में पात्र लाभुकों से सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन और फार्म भी लिए गए. अधिकार मित्रों और डालसा कर्मियों ने ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया और योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी दी. कार्यक्रम में एलएडीसीएस के सहायक नीरज गोयल और सुमन पाठक समेत पंचायत एवं प्रखंड स्तर के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
