केंद्र सरकार ने मेडिकल डिवाइसेज के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने वाली Production Linked Incentive यानी PLI योजना को वित्त वर्ष 2035-36 तक बढ़ा दिया है. योजना के तहत करीब ₹2,700 करोड़ का उपलब्ध बजटीय प्रावधान इस्तेमाल किया जाएगा. नए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के जरिए लिए जाएंगे, जो अगले 10 दिनों में चालू होने की उम्मीद है.
नई व्यवस्था में कंपनियों को विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए तीन साल का समय मिलेगा. योजना के तहत चार लक्ष्य खंड तय किए गए हैं—मेडिकल कंज्यूमेबल्स, डिस्पोजेबल्स और इम्प्लांट्स; महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स; ऐसे हाई-एंड मेडिकल डिवाइसेज जिनका देश में निर्माण अभी शुरुआती स्तर पर है; और वे उपकरण जिन्हें फिलहाल भारत में मुख्य रूप से असेंबल किया जाता है.
सरकार के अनुसार, योजना के पहले चरण के तहत भारत में 60 से अधिक हाई-एंड मेडिकल डिवाइसेज और कंपोनेंट्स का घरेलू निर्माण शुरू हुआ है. इनमें एक्स-रे ट्यूब और डिटेक्टर, 1.5 टेस्ला MRI, LINAC, CT स्कैनर, मैमोग्राफी मशीन, कैथलैब, ऑर्थोपेडिक और कार्डियक इम्प्लांट तथा डायलाइजर शामिल हैं. इस योजना के तहत अब तक ₹16,000 करोड़ से अधिक मूल्य का उत्पादन दर्ज किया गया है.
